डिजिटल डेस्क। कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के गणना पत्र वितरण कर लौट रहे भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) रंजीत मल्लिक पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेरहमी से हमला किया। घायल मल्लिक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाजपा ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल जानबूझकर एसआइआर प्रक्रिया को बाधित कर रहा है और उसके कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहा है। यह घटना एसआइआर के पहले दिन हुई, जब दोनों दलों के बीच राजनीतिक तनाव पहले से चरम पर है। सोमवार को हुगली के सिंगुर में तृणमूल पर भाजपा की एसआइआर समर्थक सभा पर हमले का आरोप लगा था, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए थे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि तृणमूल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कुचलने की कोशिश कर रही है। तृणमूल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह भाजपा की साजिश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। यह घटना मतदाता सूची संशोधन को लेकर बढ़ते राजनीतिक संघर्ष को दर्शाती है।

