झारखंड में सियासी हलचल तेज: नाबालिग आदिवासी लड़की ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगाए दुष्कर्म के आरोप, BJP ने की गिरफ्तारी की मांग

Reena Sharma
6 Min Read

झारखंड के सिमडेगा जिले की 14 वर्षीय आदिवासी लड़की ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस से पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है। पीड़िता का आरोप है कि उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर रांची स्थित विधायक आवास ले जाया गया था, जहां उससे घरेलू काम कराया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। वहीं, विधायक ने इन सभी आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताते हुए अपनी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है।

पढ़ाई के नाम पर विधायक आवास ले जाने का आरोप

लड़की के पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन के मुताबिक, वह मई 2026 तक अपने गांव में रह रही थी। इसी दौरान एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गईं। पहले उसे सिमडेगा स्थित विधायक आवास ले जाया गया और बाद में रांची के विधायक आवास में रहने के लिए कहा गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां उससे घरेलू काम कराया जाता था। काम में देरी होने या ठीक से काम नहीं करने पर उसे गालियां दी जाती थीं और पीटा जाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे पर्याप्त खाना नहीं दिया जाता था और दूसरे लोगों के सामने भी उसके साथ गलत व्यवहार किया जाता था।

5 अगस्त की घटना को लेकर लगाए गंभीर आरोप

शिकायत में लड़की ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2026 को रांची स्थित विधायक आवास में भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर उसका मुंह हाथ से बंद कर दिया गया और मारपीट कर उसे चुप कराया गया। उसने दावा किया कि अगले दिन सुबह उसे धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे मारकर फेंक दिया जाएगा। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने गांव चली गई। लड़की ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है।

तबीयत बिगड़ने पर जांच कराने का किया दावा

पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि सितंबर में वह अपनी दीदी के पास चली गई थी। उसके मुताबिक, शुरुआत में उसे गर्भ ठहरने की जानकारी नहीं हुई। 22 अक्टूबर को तेज ब्लीडिंग होने के बाद उसने डॉक्टर से जांच कराई। लड़की का दावा है कि डॉक्टर ने उसे बताया कि गर्भ में पल रहा बच्चा खराब हो चुका है। उसने यह भी कहा कि इसके बाद से उसका मासिक धर्म सामान्य नहीं हुआ है। पीड़िता ने विधायक भूषण बाड़ा के साथ-साथ एमा बड़ा और जोसिमा खाखा के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है। उसने आरोपियों को प्रभावशाली बताते हुए अपनी जान और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

BJP नेता अमर बाउरी ने मुख्यमंत्री से की जांच की मांग

इस मामले पर BJP नेता अमर कुमार बाउरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के जरिए उन्हें सिमडेगा के कांग्रेस विधायक और नाबालिग आदिवासी लड़की से जुड़े गंभीर आरोपों की जानकारी मिली है। अमर बाउरी ने मुख्यमंत्री से मामले की तत्काल जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों में थोड़ी भी सच्चाई है तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भूषण बाड़ा ने आरोपों को बताया साजिश, जांच में सहयोग का दिया भरोसा

अपने ऊपर लगे आरोपों पर कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने सफाई देते हुए सभी आरोपों को मनगढ़ंत और झूठा बताया है। उनका कहना है कि विरोधी और कुछ असामाजिक तत्व उनकी छवि धूमिल करने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कुछ निष्कासित लोगों पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। विधायक के मुताबिक, उनके यहां आने वाली लड़की गरीब परिवार से है और वह कई बच्चों की पढ़ाई में मदद करते हैं।

उन्होंने कहा कि उनके यहां कोई सर्वेंट के तौर पर नहीं रहता, बल्कि बच्चों की शिक्षा और प्रशिक्षण का खर्च वह उठाते हैं। भूषण बाड़ा ने मीडिया से दोनों पक्षों की बात सुनने की अपील की और कहा कि वह जांच से भाग नहीं रहे हैं तथा पूरी तरह सहयोग करेंगे। उन्होंने आरोप लगाने वाले के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात भी कही।

BJP ने धुर्वा थाने का किया घेराव, गिरफ्तारी की मांग

नाबालिग आदिवासी लड़की द्वारा लगाए गए आरोपों के विरोध में BJP रांची महानगर जिला के कार्यकर्ताओं ने धुर्वा थाने का घेराव किया। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। BJP महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने पीड़िता को न्याय और सुरक्षा देने की मांग की। वहीं, वरुण साहू ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। BJP नेताओं ने कहा कि पीड़िता को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Share This Article