छठ महापर्व के दूसरे दिन आज खरना का पर्व पूरे श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही व्रती महिलाएं और पुरुष छठी मैया की पूजा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। घरों में साफ-सफाई के साथ प्रसाद बनाने की विशेष तैयारी की जा रही है।
खरना के दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद विधि-विधान से भगवान सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। पूजा के बाद गुड़ से बनी खीर, रोटी और केले का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इसके बाद व्रती 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू करते हैं।
छठ महापर्व में खरना का विशेष महत्व माना जाता है। यह पर्व शुद्धता, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। खरना के प्रसाद को आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों के बीच श्रद्धापूर्वक वितरित किया जाता है।
चार दिनों तक चलने वाले इस लोक आस्था के महापर्व में पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाता है।
छठी मैया और सूर्य देव से सभी व्रतियों के परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है।
जय छठी मैया 🙏

