बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में आज (6 नवंबर) मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक प्रदेश भर में 13.13% मतदान दर्ज किया गया है। पहले चरण में कुल 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें 102 सामान्य सीटें और 19 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
छपरा जिले में सुबह 9 बजे तक 12% मतदान दर्ज किया गया है। इस चरण में मतदाता राज्य के कई दिग्गज नेताओं की साख का फैसला करेंगे।
पहले चरण में प्रमुख राजनीतिक गठबंधनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। NDA 121 सीटों पर, महागठबंधन 126 सीटों पर और जन सुराज 119 सीटों पर चुनाव मैदान में है।
- NDA में BJP 48, JDU 57, LJP (रामविलास) 14 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
- महागठबंधन में RJD 73, कांग्रेस 24, भाकपा माले 14, VIP 5, CPI 3, CPI(M) 5 और IIP 3 सीटों पर मुकाबले में हैं।
इस चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिला और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 7.37 लाख युवा मतदाता (18-19 वर्ष) पहली बार वोट डाल रहे हैं।
मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और निर्वाचन आयोग ने सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

