बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का दूसरा चरण अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। 11 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले आज शाम पांच बजे तक प्रचार का दौर थम जाएगा। इस चरण में कुल 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जिन पर करीब 1302 उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 9 मौजूदा मंत्री, 15 पूर्व मंत्री और कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है।

इस चरण में 9 मंत्रियों की किस्मत दांव पर
इस चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, अमरपुर से जयंत राज, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, बेतिया से रेणु देवी, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान शामिल हैं।
पांच प्रमुख दलों के प्रदेश अध्यक्ष मैदान में
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में इस बार पांच प्रमुख दलों के प्रदेश अध्यक्ष खुद मैदान में हैं। कुटुंबा से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी गोविंदगंज से, टिकारी सीट से हम पार्टी के अनिल कुमार, चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से वीआईपी के बाल गोविंद बिंद और अमौर विधानसभा सीट से एआईएमआईएम के अख्तरूल इमान सियासी दांव आजमा रहे हैं। इनमें से अधिकांश ने पहले भी जीत दर्ज की है और अब फिर से अपनी साख बचाने व पार्टी की प्रतिष्ठा कायम रखने की जंग में हैं।
महागठबंधन के इन चेहरों की अग्निपरीक्षा
वहीं, दूसरे चरण में महागठबंधन की ओर से राजद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कटिहार की कदवा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, तथा भाकपा (माले) विधायक दल के नेता महबूब आलम उम्मीदवार हैं।

