बिहार की मोकामा सीट से जनता दल यूनाइडेट की टिकट पर विधायक अनंत सिंह को बड़ा झटका लगा है। विधानसभा चुनाव के दौरान हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड में उनकी जमानत याचिका खारिज हो गई है। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में अनंत सिंह गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पटना के बेउर जेल भेज दिया गया था। अब उनकी जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। अदालत के इस फैसले के बाद अनंत सिंह को फिलहाल जेल से राहत नहीं मिलेगी और उन्हें बेऊर जेल में ही रहना होगा।
याचिका में खुद को बताया था निर्दोष
पटना सिविल कोर्ट में दाखिल अपनी जमानत याचिका में अनंत ने खुद को राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बताया। याचिका में उन्होंने कहा, इस मामले में मैं निर्दोष हूं। पूरी घटना में मेरा कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए मुझ पर ये आरोप गढ़ा गया है।
पटना के बेऊर जेल में बंद हैं अनंत
अनंत सिंह गिरफ्तारी के बाद से ही वह पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। 1 नवंबर को गिरफ्तारी के बाद 2 नवंबर को उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद बेउर जेल भेज दिया गया था। इस केस की सुनवाई एमपी-एमएलए मामलों के लिए गठित विशेष अदालत में चल रही है, जहां जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों का निपटारा प्राथमिकता से किया जाता है।
क्या है दुलारचंद हत्याकांड
30 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। इसी आरोप में पुलिस ने अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। बता दें कि दुलारचंद यादव साल 1990 के दशक के कुख्यात अपराधियों में गिने जाते थे। दुलारचंद यादव पर पर कई आपराधिक केस दर्ज रहे हैं।

