Bihar: बिहार में 10 डिग्री के नीचे पहुंचा पारा, अगले 48 घंटे के लिए IMD ने किया अलर्ट

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में अचानक ठंड में इजाफा हुआ है। राज्य में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर साफ तौर पर दिखने लगा है। कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C के नीचे बना हुआ है। पटना, बेगूसराय, रोहतास, किशनगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, भागलपुर, बांका समेत कई जिलों में सुबह में मध्यम स्तर का कोहरा देखा जा रहा है। जबकि दिन और रात पछुआ हवा का असर देखने को मिल रहा है।

न्यूनतम तापमान में और गिरावट के आसार

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह और शाम को कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही पछुआ हवाएं चल सकती हैं, जो ठंडी हवाओं के असर को और बढ़ाएंगी। राज्य में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

48 घंटे तक घने कोहरे की संभावना

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे तक सुबह और शाम के समय कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर बिहार में तो कोहरे की वजह से सुबह के समय सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि, अभी शीतलहर जैसी गंभीर स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन धीरे-धीरे तापमान में गिरावट होती रहेगी।

इन जिलों में छाया रहेगा घना कोहरा

पूर्वानुमान के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, पटना, औरंगाबाद, गया, लखीसराय, सासाराम और कैमूर जिलों के भागों में सुबह एवं रात के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल विजिबिलिटी 500 मीटर के आस पास बनी हुई है।

भागलपुर सबसे ज्यादा ठंडा

भागलपुर में न्यूनतम तापमान 09.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में भी न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है और जल्द ही पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने का अनुमान है। राज्य का अधिकतम तापमान 22.0 से 27.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.9 से 17.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

Share This Article