Bihar: बिहार में बड़े पैमाने पर IAS अफसरों का तबादला, कई जिलों के डीएम बदले

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार सरकार ने सोमवार को देर शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। कई जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) का एक साथ तबादला कर दिया गया है। नई सरकार के गठन के बाद इसे पहला बड़ा अफसर-स्तरीय बदलाव माना जा रहा है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अधिसूचना जारी कर बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों का ट्रांसफर किया है, जिसके तहत 10 से अधिक जिलों को नए डीएम मिले हैं। इस फेरबदल में न सिर्फ वर्तमान जिलाधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, बल्कि विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों को भी जिलों की कमान सौंपी गई है। 

इन जिलों के DM बदल गए

Advertisement

इस प्रशासनिक फेरबदल में कई जिले में डीएम बदल दिए गए हैं। औरंगाबाद के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री को बेगूसराय का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। मधेपुरा के जिलाधिकारी तरणजोत सिंह को अब पश्चिम चंपारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिवहर के जिलाधिकारी विवेक रंजन को सिवान का जिलाधिकारी बनाया गया है। अरवल की जिलाधिकारी अभिलाष शर्मा को औरंगाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है।

वैभव श्रीवास्तव को सारण जिले की कमान

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक वैभव श्रीवास्तव को सारण जिले की कमान सौंपी गई है। खान निदेशक विनोद दुहन को जिलाधिकारी के तौर पर अररिया भेजा गया है। मत्स्य निदेशक अभिषेक रंजन मधेपुरा के नए डीएम होंगे। भवन निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव आशुतोष द्विवेदी अब कटिहार के जिलाधिकारी होंगे। प्रतिभा रानी शिवहर की नई जिलाधिकारी नियुक्त की गई हैं।

अमृशा बैंस अरवल की नई जिलाधिकारी

उद्योग विभाग के निदेशक शेखर आनंद को शेखपुरा का जिलाधिकारी बनाया गया है। ऊर्जा विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी अमृशा बैंस अब अरवल की नई जिलाधिकारी होंगी। प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला को बक्सर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि कृषि विभाग के निदेशक नितिन कुमार सिंह अब कैमूर के जिलाधिकारी होंगे।

Share This Article