बिहार की राजनीति में बुधवार को एक बड़ी राजनीतिक हलचल देखी गई। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सभी पांच विधायकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुर्शीद आलम ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने नीतीश कुमार को राजनीतिक गुरु बताया है। . साथ ही बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर क्या कुछ मांग की है। सेम के अलावा उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की।

सरकार के सामने रखी सीमांचल की समस्याएं
एआईएमआईएम विधायक दल के नेता अख्तरुल ईमान के नेतृत्व में पार्टी के पांचों विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की। एआईएमआईएम विधायकों ने सरकार के सामने सीमांचल क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों को मजबूती से रखा।
सीमांचल के जिलों के लिए विशेष योजना बनाने की मांग
विधायकों ने मांग की कि सीमांचल के जिलों के लिए एक विशेष योजना बनाई जाए, ताकि संतुलित और तेज विकास सुनिश्चित हो सके। अख्तरुल ईमान ने कहा कि किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और सुपौल जैसे जिलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी लगातार बड़ी चुनौती बनी हुई है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इन मुद्दों को प्राथमिकता देगी और संबंधित विभागों को जल्द निर्देश जारी किए जाएंगे।
एआईएमआईएम विधायक ने सीएम की खुलकर की तारीफ
जोकीहाट से एआईएमआईएम विधायक ने इस दौरान सीएम नीतीश को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, हम 2014 से 2024 तक जेडीयू के साथ रहे। उन्होंने (नीतीश कुमार) एक प्लेटफॉर्म दिया। जोकीहाट से जेडीयू के टिकट पर हम उपचुनाव लड़े थे, तो कहीं न कहीं बिहार में उन्होंने मुझे पहचान दी है। हमेशा उनके कार्यों से प्रभावित रहा हूं। पांच बार मुखिया रहा हूं। वो (नीतीश कुमार) राजनीतिक गुरु भी हैं।

