बिहार में जमीन से जुड़े विवाद लंबे समय से बड़ी चुनौती बने हुए हैं। इस समस्या को देखते हुए उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एंव भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने बड़ा ऐलान किया है। विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर भूमि विवाद, दाखिल–खारिज, फर्जीवाड़ा और सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर कई घोषणाएं की। साथ ही उन्होंने कहा कि जमीन विवाद, दाखिल-खारिज और परिमार्जन के मामलों में देरी अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भूमि विवाद को खत्म करने के लिए युद्धस्तर पर काम
विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर भूमि विवाद, दाखिल–खारिज, फर्जीवाड़ा और सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी मिली है और इस विभाग को लेकर जनता की अपेक्षाएं बहुत बड़ी हैं। मंत्री ने बताया कि बिहार में भूमि विवाद सबसे बड़ी समस्या है और इसे खत्म करने के लिए सरकार युद्धस्तर पर काम कर रही है।
दाखिल-खारिज और परिमार्जन पर साप्ताहिक मॉनिटरिंग
विजय सिन्हा ने बताया कि दाखिल-खारिज और परिमार्जन की फाइलें अक्सर महीनों तक लंबित रहती हैं। इससे रैयतों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इन दोनों प्रक्रियाओं की साप्ताहिक समीक्षा अब अनिवार्य होगी। जिलों में लंबित फाइलों की सूची बनाई जाएगी और अधिकारी समय पर काम नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
भू-माफिया के साथ लगे अधिकारी और पदाधिकारी की जांच
विजय सिन्हा ने आग कहा कि जानकारी मिली है कि कई भू-माफिया फर्जी कागजात बनाकर अधिकारियों और न्यायालय का समय बर्बाद करते हैं। अब उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही भू-माफिया के पीछे हमारे अधिकारी और पदाधिकारी कौन-कौन लोग हैं इसकी हम लोग जांच करेंगे। जड़ तक हम लोग जाएंगे और यह जानकारी लेंगे कि किसका संरक्षण प्राप्त है। राजस्व कर्मचारियों को कहा गया है कि अपनी पंचायत और अंचल कार्यालय में ही बैठेंगे।
उड़ान दस्ता करेगी फर्जीवाड़े का खुलासा
विजय सिन्हा ने कहा कि फर्जी दस्तावेज देकर गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए उड़ान दस्ता नामक विशेष टीम बनाई गई है जो फर्जीवाड़े पर निगरानी रखेगी।
भू-माफिया के यहां चलेगा बुलडोजर- विजय सिन्हा
भू-माफिया को विजय सिन्हा ने सख्त चेतावनी दी। बुलडोजर एक्शन से भी बड़े एक्शन की बात कही। उन्होंने कहा कि बुलडोजर सुनने और देखने में जितना अच्छा लगता है उसकी कार्रवाई उससे भी अच्छी होती है। साक्ष्य मिलने के बाद निश्चित तौर पर भू-माफिया के यहां बुलडोजर एक्शन होगा।

