उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) में इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं है। बिहार में हुए विधानसभा चुनाव और उसके बाद नीतीश सरकार में कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बने जाने के बाद संगठन के भीतर नाराजगी और असंतोष देखी जा रही है। इस बीच पार्टी के बाजोपट्टी विधानसभा सीट से विधायक रामेश्वर महतो के सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल मचा दी है।

जनता को ज्यादा दिनों तक भ्रमित नहीं रखा जा सकता- रामेश्वर महतो
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक रामेश्वर महतो ने सोशल मीडिया पर पार्टी के नेतृत्व को लेकर सवाल खड़ा किया है। रामेश्वर महतो ने लिखा है, “राजनीति में सफलता केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सच्ची नीयत और दृढ़ नीति से मिलती है। जब नेतृत्व की नीयत धुंधली हो जाए और नीतियां जनहित से अधिक स्वार्थ की दिशा में मुड़ने लगें, तब जनता को ज्यादा दिनों तक भ्रमित नहीं रखा जा सकता। आज का नागरिक जागरूक है, वह हर कदम, हर निर्णय और हर इरादे को बारीकी से परखता है।”
बिना नाम लिए उपेंद्र कुशवाहा पर साधा निशाना
रामेश्वर महतो ने अपने पोस्ट मे किसी का नाम नहीं लिया है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में इसे उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, रामेश्वर महतो लगातार उम्मीद कर रहे थे कि उपेंद्र कुशवाहा उन्हें मंत्री पद के लिए आगे बढ़ाएंगे, लेकिन इसके बजाय कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया। इसके बाद से ही रामेश्वर महतो असहज और नाराज बताए जा रहे हैं।
बेटे को मंत्री बनाए जाने से पार्टी में बढ़ा असंतोष
ये पहली बार नहीं है जब पार्टी के किसी विधायक ने इस तरह से विरोध जताया है। दरअसल बेटे को मंत्री बनने के बाद उपेंद्र कुशवाहा लगातार पार्टी में विरोध झेल रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा के बेटे ना तो एमएलसी हैं और ना ही विधायक हैं लेकिन नीतीश सरकार में मंत्री बनाए गए हैं। जिसके बाद से पार्टी नेताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

