गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड से भारत लौटे : 25 लोगों की मौत पर अब ट्रांज़िट रिमांड के लिए कोर्ट में होंगे पेश

KK Sagar
2 Min Read

गोवा के अरपोरा में 6 दिसंबर को बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद फरार हुए गौरव और सौरभ लूथरा को थाईलैंड से भारत वापस लाया गया है। दोनों आरोपी थाई अधिकारियों द्वारा हिरासत में लेने के बाद भारत को सौंपे गए, और अब उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया।

लूथरा ब्रदर्स इंडिगो की फ्लाइट से दोपहर में दिल्ली पहुँचे, जहाँ गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें कस्टडी में लिया। उन्हें तुरंत पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहाँ से उन्हें ट्रांज़िट रिमांड पर गोवा ले जाया जाएगा ताकि अग्निकांड की जांच और गिरफ्तारी प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

ये दोनों बिर्च बाय रोमियो लेन क्लब के सह-मालिक हैं, जहाँ पार्टी के दौरान लगी आग फैलने से 25 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे के बाद उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या व लापरवाही के आरोपों सहित गंभीर मामला दर्ज किया गया है।

आग लगने के बाद लूथरा ब्रदर्स फुकेट, थाईलैंड भाग गए थे, जहाँ उन्हें पकड़कर भारत को सौंपा गया। अब यह मामला गोवा पुलिस की कस्टडी में आगे की कानूनी कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा, ताकि इस दुखद घटना में जवाबदेही तय की जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....