केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की तृणमूल कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। घुसपैठ, भ्रष्टाचार, प्रशासन समेत कई मुद्दों को लेकर शाह ने ममता सरकार को आड़े हाथ लिया।

पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले राज्य की सियासत गर्म है। राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां भी तेज कर दी है। दूसरी ओर आरोप-प्रत्यारोप भी अपने चरम पर पहुंच गया है। बंगाल चुनाव से पहले अमित शाह का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में प्रेस वार्ता की।
अप्रैल तक का समय बेहद महत्वपूर्ण
अमित शाह ने आगे कहा कि अप्रैल में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल के लिए अब से अप्रैल तक का समय बेहद महत्वपूर्ण है और जनता भयमुक्त और कुशासन रहित सरकार बनाने के लिए तैयार है।
अमित शाह ने कहा, ममता बनर्जी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के कारण पूरे पश्चिम बंगाल में विकास थम गया है। मोदी जी द्वारा शुरू की गई सभी फायदेमंद योजनाएं यहां टोल सिंडिकेट का शिकार हो गई हैं। पिछले 14 सालों से डर और भ्रष्टाचार पश्चिम बंगाल की पहचान बन गए हैं। शाह ने यह भी भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यदि बंगाल में भाजपा सरकार बनती है तो यहां विकास की गंगा बहने लगेगी।
बंग संस्कृति को पुनर्जीवित करने का भरोसा
15 अप्रैल 2026 के बाद, जब पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी, तो हम बंग गौरव और बंग संस्कृति को फिर से जिंदा करेंगे, यह ‘बंग भूमि’ हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा का गठन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने किया था, जो यहां के एक बड़े नेता थे।
घुसपैठ को रोकने के लिए विशेष ग्रिड का ऐलान
अमित शाह ने बताया कि बंगाल में घुसपैठ को रोकने के लिए विशेष ग्रिड बनाए जाएंगे और घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर किया जाएगा। इंसान छोड़ दीजिए परिंदा भी पर नहीं मार पाए हम इस प्रकार की ग्रीड की रचना करेंगे। ना केवल घुसपैठ रोकेंगे, सारे घुसपैठियों को चुन-चुन कर भारत के बाहर निकालने का काम भी भाजपा सरकार करेगी।
घुसपैठ को लेकर शाह का ममता पर बड़ा आरोप
अमित शाह ने आगे पश्चिम बंगाल सरकार पर बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए राज्य सरकार जमीन नहीं दे रही, जिसकी वजह से घुसपैठ की समस्या बनी हुई है। अमित शाह ने सवाल किया कि त्रिपुरा, असम, राजस्थान, पंजाब, कश्मीर और गुजरात की सीमाओं पर घुसपैठ क्यों रुक गई, लेकिन पश्चिम बंगाल में क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि बंगाल में राज्य सरकार की जानकारी में घुसपैठ हो रही है और इसका मकसद जनसंख्या में बदलाव कर वोट बैंक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव घुसपैठ रोकने और घुसपैठियों को बाहर निकालने इन्हीं मुद्दों पर लड़े जाएंगे।
2026 में बंगाल में भाजपा सरकार बनाने का दावा
अमित शाह ने भाजपा के पिछले चुनावों का भी जिक्र किया। 2014 के लोकसभा चुनाव में 17 प्रतिशत वोट और 2 सीटें मिली थीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में 10 प्रतिशत वोट और 3 सीटें, 2019 के लोकसभा चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव में मुख्य विपक्ष का स्थान प्राप्त किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 39 प्रतिशत वोट और 12 सीटें मिली। इस दौरान शाह ने आगे कहा कि 15 अप्रैल 2026 के बाद जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।

