बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत सभी मंत्रियों ने अपने संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास दोनों डिप्टी सीएम से कम संपत्ति है। सीएम नीतीश 2005 में बिहार की सत्ता संभालने के बाद से हर साल अपनी और मंत्रियों के संपत्ति का ब्यौरा जारी करते रहे हैं। नए साल 2026 शुरू होने से पहले एक बार फिर से मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का लेखा-जोखा जारी किया है।

नीतीश के पास 20552 रुपये नगद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पास 20552 रुपये नकद हैं। उनके पास तीन बैंक खाते हैं। एसबीआई पटना सेक्रेटेरिएट में 27217 रुपये हैं। एसबीआई पार्लियामेंट्री हाउस दिल्ली में 3358 रुपये और पीएनबी बोरिंग रोड शाखा में 27191 रुपये हैं। सीएम के पास एक फोर्ड इकोस्पोर्ट गाड़ी है, जिसकी कीमत 11 लाख 32,753 रुपए है।दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है, जिसकी कीमत 1 करोड़ 48 लाख रुपए है। साथ ही उनके पास दस गाय है। दो लाख रुपए की ज्वेलरी भी है, जिसमें 2 सोने की अंगूठी, 1 चांदी की अंगूठी भी है।
सम्राट चौधरी के पास नीतीश के मुकाबले करीब 7 गुना कैश
वहीं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास नीतीश के मुकाबले करीब 7 गुना अधिक कैश है। उनके पास 1 लाख 35 हजार की नकदी है, उनकी पत्नी कुमारी ममता के पास 35 हजार की नकदी है। सम्राट चौधरी के बैंक खातों में 17 लाख 45 हजार 488 रुपए जमा है। उनकी पत्नी के खाते में 6 लाख 43 हजार, बेटी के खाते में 1 लाख 34 हजार, बेटे प्रणय के खाते में 1 लाख 8 हजार रुपए जमा हैं।
विजय सिन्हा के पास करीब 10 लाख के गहने
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के पास 88 हजार 560 रुपए की नकदी है, वहीं उनकी पत्नी सुशीला देवी के पास 67 हजार 528 रुपए कैश हैं। विजय सिन्हा के पास करीब 1 करोड़ की चल संपत्ति है। वहीं उनकी पत्नी के पास 1 करोड़ 73 लाख रुपए की चल संपत्ति है। इसमें बैंक खातों में जमा राशि, शेयर्स और गहने शामिल हैं। विजय सिन्हा के पास 9 लाख 90 हजार के गहने हैं. उन्होंने बताया है कि यह उन्हें शादी के वक्त तोहफे में मिले थे। वहीं उनकी पत्नी के पास 49 लाख 50 हजार रुपए के गहने हैं।

