मोकामा से विधायक अनंत कुमार सिंह ने जेल से चिट्ठी लिखी है। अनंत सिंह ने जेल से बिहार सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने मोकामा चौक स्थित पोस्ट ऑफिस को मोकामा घाट में मर्ज करने का विरोध किया है। साथ ही अनंत कुमार ने पोस्टमास्टर जनरल से मोकामा चौक पोस्ट ऑफिस को मर्ज नहीं करने की मांग की है।

तीन हजार से ज्यादा लोगों की परेशानी का जिक्र
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बताया कि मोकामा चौक पोस्ट ऑफिस से बड़ी संख्या में लोग रोजाना डाक से जुड़ी सेवाएं लेते हैं। यहां RD, SB, PPF, PLI, RPLI, SSA, FD जैसी सभी प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध हैं। यदि इस पोस्ट ऑफिस को मोकामा घाट पोस्ट ऑफिस में मर्ज किया गया, तो करीब तीन हजार से ज्यादा की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित होगी।
अनंत सिंह बोले-डाक व्यवस्था पर दबाव बढ़ेगा
पत्र में विधायक अनंत सिंह ने यह भी लिखा कि मोकामा चौक इलाके में चार बड़े बैंक स्थित हैं और स्पीड पोस्ट व अन्य डाक सेवाओं का नियमित और अधिक इस्तेमाल होता रहता है। ऐसे में मर्ज करने की स्थिति में इलाके की डाक व्यवस्था पर दबाव बढ़ेगा और लोगों को असुविधा होगी। उन्होंने यह भी बताया कि मोकामा अनुमंडल क्षेत्र में 8 हजार से अधिक घर हैं, जिनकी डाक संबंधी जरूरतें मोकामा चौक पोस्ट ऑफिस से जुड़ी हुई हैं।
अनंत सिंह की पत्र के जरिए खास अपील
अनंत सिंह ने पत्र में जनहित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोकामा चौक पोस्ट ऑफिस को सदर पोस्ट ऑफिस के रूप में बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि विभाग जनता की परेशानी को समझेगा और प्रस्ताव पर पुनर्विचार करेगा।
जेल में रहते हुए अनंत सिंह ने जीता चुनाव
बता दें कि अनंत कुमार सिंह फिलहाल एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। साल 2025 में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में अनंत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया। 2 नवंबर 2025 को उनकी गिरफ्तारी हुई और उन्हें पटना के बेऊर जेल में रखा गया। जेल में रहते हुए भी अनंत सिंह ने जदयू उम्मीदवार के तौर पर मोकामा से चुनाव जीता। यह मोकामा से उनकी लगातार छठी जीत थी।

