गीता के श्लोकों से गुंजायमान होगा साईं मंदिर, नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने की अनूठी पहल

Manju
By Manju
1 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साईं परिवार विश्व सेवा संस्थान द्वारा अखिल भारतीय गीता श्लोक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम आगामी 8 फरवरी को सुबह 10 बजे घोड़ाबांधा स्थित साईंनाथ देवस्थानम में आयोजित होगा।

संस्थान के अध्यक्ष अनुप रंजन ने बताया कि वर्तमान समय में युवाओं का अपने गौरवशाली ग्रंथों से जुड़ाव होना बेहद जरूरी है। श्रीमद्भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला मार्गदर्शक है। इसी उद्देश्य के साथ नई पीढ़ी में नैतिकता और अनुशासन विकसित करने के लिए यह प्रतियोगिता रखी गई है।

प्रयोगिता में 6 से 18 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके उच्चारण की शुद्धता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और भावपूर्ण प्रस्तुति के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को नकद पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

Share This Article