नियम तोड़ा तो ढीली होगी जेब: जमशेदपुर में ओवरलोड वाहनों पर गिजी गाज, वसूला भारी जुर्माना

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। एमवीआई सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में विभाग की सड़क सुरक्षा टीम द्वारा परसुडीह थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान में मुख्य रूप से पैसेंजर वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने (ओवरलोडिंग) पर ध्यान केंद्रित किया गया।

जिला मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि 40 से अधिक बसों, मैजिक वैन और अन्य व्यावसायिक वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों व सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच के दौरान ओवरलोडिंग के दोषी पाए गए पांच वाहनों पर सख्ती बरतते हुए कुल 83 हजार 650 रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होने वाहन चालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि ओवरलोडिंग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण भी है।

उन्होंने चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित सफर के प्रति सचेत करना है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिदिन औचक निरीक्षण किया जा रहा है ताकि जानमाल की क्षति को रोका जा सके और सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके।

Share This Article