डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में रेडियोलॉजी सेवा दे रही एजेंसी ‘हेल्थ मैप’ के संचालन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार, एजेंसी का सरकार के साथ करार पिछले महीने ही समाप्त हो चुका है। अस्पताल प्रबंधन ने एजेंसी को सेवा बंद करने का मौखिक और लिखित निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद सेंटर का संचालन जारी है।
जब इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन ने पूछताछ की, तो एजेंसी के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि विभाग के साथ उनका नया करार हो गया है। हालांकि, एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी ने स्पष्ट किया है कि प्रबंधन को अब तक मुख्यालय या स्वास्थ्य विभाग से नए करार के संबंध में कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
बिना आदेश काम करना गंभीर मामला
डॉ. चौधरी ने इस स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए जांच की बात कही है। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध करार के किसी भी निजी इकाई का सरकारी परिसर में व्यावसायिक गतिविधि चलाना नियमों का उल्लंघन है। इस मामले में भी फर्जी बिलिंग और अवैध संचालन की उच्चस्तरीय जांचकी संभावना बढ़ गई है।

