रामगढ़: जिले में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर बुधवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने पीपीटी के माध्यम से अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई एवं चल रहे अभियानों की विस्तृत जानकारी उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों को दी।
अवैध मुहानों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के आलोक में की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को और अधिक प्रभावी तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं से भी अवैध मुहानों से खनन की सूचना प्राप्त होती है तो त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पूरी तरह बंद कराया जाए। साथ ही अवैध मुहानों की समुचित डोजरिंग कर अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने को कहा।
परियोजना प्रबंधन व सुरक्षा अधिकारियों को विशेष निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित परियोजनाओं के महाप्रबंधकों एवं एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर्स को अवैध खनन रोकने में विशेष सतर्कता बरतने एवं यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसी भी अवैध मुहाने से खनन कार्य न हो।
अवैध बालू परिवहन पर भी सख्ती
बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और नियमित जांच अभियान चलाने को कहा।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

