डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : जमशेदपुर को-आपरेटिव कालेज की ओर से आयोजित 48वें इनवायरमेंटल म्यूटाजेन सोसाइटी आफ इंडिया (ईएमएसआई) के वार्षिक बैठक और अंतराष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन एक्सएलआरआई में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। राज्यपाल ने कहा कि यह सेमिनार पर्यावरणीय प्रदूषण और स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव पर चर्चा का मंच है। बढ़ते औद्योगीकरण और शहरीकरण से प्रदूषण बढ़ रहा है, जो दिल्ली जैसे शहरों में स्पष्ट दिखता है। सेमिनार का विषय आनुवांशिक बदलाव, डीएनए की प्रकृति और पर्यावरण पर प्रभाव पर केंद्रित है, जो मानव कल्याण के लिए उपयोगी निष्कर्ष देगा।
उन्होंने वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं से ज्ञान को समाज हित में उपयोग करने का आह्वान किया। झारखंड के विश्वविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शोध हो रहे हैं, लेकिन इन्हें समाज की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनना चाहिए। प्रधानमंत्री के विकसित भारत लक्ष्य के लिए स्वस्थ समाज और पर्यावरण जरूरी है। शोधार्थियों को नवाचार पर ध्यान देना चाहिए।
स्वागत भाषण में कालेज प्राचार्य और सेमिनार अध्यक्ष डॉ. अमर कुमार सिंह ने अतिथियों का आभार जताया। ईएमएसआई अध्यक्ष वाणी प्रिया गांगुली ने संस्था के बारे में बताया कि राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय वैज्ञानिक पर्यावरण और स्वास्थ्य समस्याओं पर काम कर रहे हैं। उनका लक्ष्य हर व्यक्ति को स्वस्थ रखना है। सेमिनार शिक्षा, स्वास्थ्य और शोध में नया अध्याय लिखेगा। कोल्हान विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने कहा कि विषय सामयिक है। यह पर्यावरण, जैव विविधता, डीएनए बदलाव, कैंसर थेरेपी, डायबिटीज और कृषि समस्याओं के तकनीकी समाधान पर चर्चा करेगा। सेमिनार से इन क्षेत्रों में प्रगति की उम्मीद है।

