धनबाद। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने आज धनबाद प्रखंड अंतर्गत दामोदरपुर एवं धोखरा पंचायत का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आवास प्लस 2024 के अंतर्गत सर्वेक्षित परिवारों के घरों का सत्यापन एवं जांच की। इस दौरान उन्होंने कई लाभुकों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एक महिला का घर अत्यंत जर्जर अवस्था में पाया गया। उप विकास आयुक्त ने महिला से बातचीत की, जिसमें पता चला कि महिला के पति ने उसे छोड़ दिया है और वह लंबे समय से अकेले ही उक्त जर्जर घर में निवास कर रही है।
इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उप विकास आयुक्त ने मौके पर ही महिला को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की अनुशंसा की।
इसके पश्चात उन्होंने दामोदरपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं पंचायत भवन का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मौके पर जिला समन्वयक सुशांत कुमार, संबंधित प्रखंड समन्वयक, पंचायत सेवक, सत्यापनकर्ता तथा मुखिया सहित अन्य उपस्थित थे।

