बिहार में इंटर परीक्षा 2 फरवरी से शुरू, जबरन परीक्षा केंद्र में घुसने पर 2 साल की सजा और FIR का प्रावधान

KK Sagar
2 Min Read

बिहार में इंटरमीडिएट परीक्षा 2 फरवरी से शुरू होने जा रही है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। राज्यभर में कुल 1,762 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।

समिति के अनुसार परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। जबरदस्ती परीक्षा केंद्र में घुसने की कोशिश करने पर दो साल की सजा का प्रावधान रखा गया है। ऐसे मामलों में समिति द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह मनाही रहेगी। सभी परीक्षार्थियों की दो स्तर पर तलाशी ली जाएगी।

Advertisement

13 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

इस बार इंटर परीक्षा में कुल 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं पटना जिले में 73,963 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

प्रश्न पत्रों के 10 सेट तैयार

परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी प्रश्न पत्रों के 10 सेट तैयार किए गए हैं। प्रत्येक विषय में 50% वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे और सभी वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में वैकल्पिक प्रश्न भी दिए जाएंगे।

वीडियोग्राफी की विशेष व्यवस्था

परीक्षा की निगरानी के लिए समिति ने विशेष कदम उठाया है। प्रत्येक 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जा सके।

समिति की अपील

बिहार बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....