कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। ईडी की टीम राज्य के विभिन्न इलाकों में 10 से 12 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन और परिवहन से जुड़े मामले में की जा रही है। ईडी की छापेमारी पांडवेश्वर, आसनसोल और दुर्गापुर समेत कई क्षेत्रों में जारी है।
कोयला माफिया सरगना की तलाश तेज
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम पांडवेश्वर इलाके में कोयला माफिया सरगना मैजुल की तलाश कर रही है। अधिकारी उसके घर के बाहर मौजूद हैं और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
रेत माफिया के ठिकाने पर भी रेड
इसके अलावा, दुर्गापुर में एक रेत माफिया सदस्य के घर पर भी छापेमारी की जा रही है। माना जा रहा है कि इस नेटवर्क का संबंध अवैध खनन और परिवहन से जुड़े बड़े सिंडिकेट से है।
जांच में अहम खुलासों की उम्मीद
ईडी की इस कार्रवाई को कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल, छापेमारी अभियान जारी है और ईडी की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

