आईआईटी-आईएसएम धनबाद पहुँची इसरो की ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ बस, छात्रों में दिखा अंतरिक्ष विज्ञान का उत्साह

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की विशेष जन-जागरूकता पहल “स्पेस ऑन व्हील्स” मोबाइल प्रदर्शनी बस आईआईटी-आईएसएम धनबाद परिसर पहुँची। तेलंगाना से चलकर धनबाद पहुँची इस अत्याधुनिक बस में अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कई महत्वपूर्ण और रोचक मॉडल, उपकरण व जानकारियाँ प्रदर्शित की गई हैं।

बस में इसरो की प्रमुख उपलब्धियां

मोबाइल प्रदर्शनी के भीतर उपग्रह, प्रक्षेपण यान, चंद्रयान और मंगल मिशन, स्पेस टेक्नोलॉजी के साथ-साथ इसरो की प्रमुख उपलब्धियों से संबंधित विस्तृत सामग्री रखी गई है। आईआईटी-आईएसएम के छात्र-छात्राओं ने बस के अंदर जाकर इन प्रदर्शनों को नजदीक से देखा और उपस्थित विशेषज्ञों से अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कई सवाल पूछे।

छात्रों ने जाना अंतरिक्ष अनुसंधान और वैज्ञानिक के बारे

छात्रों को बताया गया कि उपग्रह कैसे कार्य करते हैं, रॉकेट को अंतरिक्ष में किस प्रक्रिया के तहत भेजा जाता है और विभिन्न अंतरिक्ष अभियानों में वैज्ञानिकों की क्या भूमिका होती है। इस दौरान छात्रों में अंतरिक्ष अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूक करना उद्देश्य

इसरो की “स्पेस ऑन व्हील्स” पहल का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं और विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूक करना, उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना और भविष्य में स्पेस रिसर्च के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान आईआईटी-आईएसएम परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और छात्रों ने इस पहल की जमकर सराहना की।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....