आधी रात हाईवोल्टेज ड्रामा के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, 35 साल पुराने मामले में टूटी जमानत

KK Sagar
3 Min Read

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने आधी रात उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई करीब 35 साल पुराने एक मामले में जमानत टूटने के बाद कोर्ट के वारंट पर की गई। गिरफ्तारी के दौरान जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया, पुलिस वाहनों पर चढ़ गए और नारेबाजी शुरू हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे लोकसभा सत्र समाप्त होने के बाद पप्पू यादव दिल्ली से पटना पहुंचे थे। उसी दौरान पटना पुलिस की टीम भारी बल के साथ उनके आवास पर पहुंच गई। सिविल ड्रेस में मौजूद अधिकारियों सहित पांच थानों की पुलिस टीम ने एसपी सिटी पश्चिम भानु प्रताप सिंह और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में वारंट दिखाकर गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने गिरफ्तारी का वारंट नहीं दिखाया, बल्कि सिर्फ संपत्ति कुर्की से संबंधित कागजात दिखाए गए। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में जिस तरह पुलिस आई, उन्हें लगा कि अपराधी उन्हें मारने आए हैं। सांसद ने यह भी कहा कि वह सुबह खुद कोर्ट में पेश होने को तैयार थे और हाउस अरेस्ट का विकल्प भी दिया, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं मानी।

गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव बार-बार कहते रहे कि “ये लोग मुझे मार देना चाहते हैं” और “मैं रात में थाने नहीं जाऊंगा।” समर्थकों के विरोध और पुलिस से बहस के बीच घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर इलाज के लिए आईजीआईएमएस ले गई।

क्या है पूरा मामला:

यह मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से जुड़ा है। शिकायतकर्ता मकान मालिक विनोद बिहारी लाल हैं। आरोप है कि पप्पू यादव ने निजी उपयोग के नाम पर मकान किराए पर लिया, लेकिन बाद में उसे राजनीतिक कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया। इसको लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पप्पू यादव पर धोखाधड़ी, जालसाजी, घर में घुसपैठ, आपराधिक धमकी और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। मामला MP-MLA विशेष अदालत में चल रहा था।

पुलिस का कहना है कि सांसद बार-बार कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके चलते कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया। वहीं पप्पू यादव का दावा है कि उन्होंने हाल ही में पटना में नीट छात्रा की मौत और गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा था, इसी कारण उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है।

फिलहाल पप्पू यादव पुलिस हिरासत में हैं। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। जमानत मिलेगी या हिरासत बढ़ेगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। बिहार की राजनीति में इस गिरफ्तारी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....