Jamshedpur: नगर निकाय चुनाव से पहले उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, हुरलूंग में अवैध शराब की भट्ठियां ध्वस्त

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रेस हो गया है। इसी क्रम में रविवार, 8 फरवरी 2026 को सहायक आयुक्त उत्पाद (पूर्वी सिंहभूम) के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।

बिरसानगर के हुरलूंग में छापेमारी
​गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने बिरसानगर थाना अंतर्गत हुरलूंग क्षेत्र में छापेमारी की। विभाग को सूचना मिली थी कि इस इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध चुलाई शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है, जिसका उपयोग आगामी चुनावों में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता था।

भारी मात्रा में जावा-महुआ और अवैध शराब नष्ट
​कार्रवाई के दौरान टीम ने हुरलूंग के सुदूर और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। अवैध रूप से संचालित चुलाई शराब की भट्ठियों को टीम ने पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। शराब बनाने के लिए तैयार किए गए लगभग 6000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया। बिक्री के लिए तैयार रखी गई 40 लीटर अवैध चुलाई शराब को जब्त किया गया।

दोषियों पर कानूनी शिकंजा
​उत्पाद विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भट्ठी संचालकों और अवैध धंधे में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, फरार संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर किया जा रहा है। सहायक आयुक्त उत्पाद ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के मद्देनजर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में किसी भी स्थान पर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article