जमशेदपुर में दुस्साहस: गोलमुरी थाने से महज 10 कदम की दूरी पर फायरिंग, फल कारोबारी को सरेआम मारी गोली

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस का भी खौफ नहीं रहा। बुधवार सुबह गोलमुरी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर बेखौफ अपराधियों ने एक फल कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया है।

पार्क से निकलते ही अपराधियों ने घेरा
​मिली जानकारी के अनुसार, कन्हैया यादव (फल व्यवसायी) अपने साथी रंजीत शर्मा के साथ रोज की तरह सुबह पार्क में टहलने गए थे। जैसे ही वे प्ले ग्राउंड से बाहर निकले, पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कन्हैया को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां उन्हें लगी हैं।

पुलिस स्टेशन के पास मची अफरा-तफरी
​हैरानी की बात यह है कि घटना गोलमुरी थाने से महज 10 से 50 मीटर की दूरी पर हुई। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल कन्हैया को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे CCTV
​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी ने कोई संदिग्ध वाहन या व्यक्ति देखा हो, तो तुरंत जानकारी साझा करें। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में (थाने के पास) अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए? क्या उन्हें कानून का जरा भी डर नहीं रहा?

Share This Article