डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबारियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह में बड़ी कार्रवाई की है।
हरिजन बस्ती में योजनाबद्ध छापेमारी
जानकारी के अनुसार, धातकीडीह स्थित संकरी गलियों वाली हरिजन बस्ती में अवैध शराब की बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। उत्पाद विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इस इलाके में दबिश दी। छापेमारी के दौरान अवैध शराब के कुख्यात कारोबारी मुन्ना घोष के ठिकाने और मदिरा संचय स्थल को निशाना बनाया गया।
भारी मात्रा में शराब और स्पिरिट बरामद
इस छापेमारी में टीम ने भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब और स्पिरिट बरामद की है। सामानों में कुल 440 लीटर (प्लास्टिक के 10 बड़े थैलों, 6 जरकिनों और एक ट्यूब में भरा हुआ), 20 लीटर (एक गोल प्लास्टिक जरकिन में) जब्त किए गए है।
अभियुक्त फरार, मामला दर्ज
छापेमारी के दौरान मुख्य अभियुक्त मुन्ना घोष संकरी गलियों का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। उत्पाद विभाग ने फरार अभियुक्त के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। वहीं उपायुक्त के सख्त निर्देश हैं कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

