पटना सिविल कोर्ट को गुरुवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह सातवीं बार और 24 घंटे में दूसरी बार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सुबह सुबह मिली धमकी से मौके पर हड़कंप मच गया है।
कोर्ट परिसर खाली कराया गया
पटना सिविल कोर्ट को आज फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया। कोर्ट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने सिविल कोर्ट के तीनों गेट बंद कर दिए और किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। अज्ञात व्यक्ति ने पूरे भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी है।
फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा क्लियरेंस के बाद शुरू होगी अदालती कार्यवाही
टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि किसी भी तरह की चूक न हो, इसलिए हर कोने की जांच की जा रही है। मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी अभियान चल रहा है। सुरक्षा क्लियरेंस के बाद ही अदालत की कार्यवाही शुरू होगी।
सातवीं बार धमकी मिली
पटना सिविल कोर्ट को यह सातवीं बार धमकी मिली है, जो अपने आप में गंभीर मामला है। पुलिस साइबर सेल ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सतर्कता बढ़ा दी गई है। लगातार मिल रही धमकियां सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और न्यायालय परिसर की डिजिटल निगरानी बढ़ाने की जरूरत की ओर इशारा कर रही हैं।

