बिहार विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के नेता ने लालू-राबड़ी के शासनकाल का जिक्र करते हुए जंगलराज पर निशाना साधा। जेडीयू विधायक श्याम रजक ने राजद नेताओं को इशारों में जंगल का जानवर करार दिया है।
श्याम रजक का बड़ा हमला
बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर सदन के अंदर और बाहर विपक्ष लगातार सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष लगातार यह आरोप लगा रहा है कि सरकार कानून व्यवस्था को बनाए रखने में फेल है। विपक्ष के प्रदर्शन पर जदयू विधायक ने लालू-राबड़ी के शासनकाल का जिक्र करते हुए विपक्ष पर जोरदान निशाना साधा है।
श्याम रजक ने दिलाई लालू-राबड़ी शासनकाल की याद
श्याम रजक ने कहा कि जहां विपक्ष वर्तमान में बिहार में अपराधों को लेकर मौजूदा सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, वहीं आज स्थिति बिल्कुल अलग है, प्रशासन अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई कर रहा है। रजक ने कहा, ‘विपक्ष अपराध की बात करता है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि उनके शासन में बिहार की क्या हालत थी। अपराधी सड़कों पर राज करते थे और शासन व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी।’
श्याम रजक ने किसे कहा “जंगल का जानवर”
हत्या और लूट जैसी घटनाओं से जुड़े सवाल पर श्याम रजक ने जवाब देते हुए कहा, मैं ये नहीं कह रहा कि घटनाएं नहीं हुई हैं, घटनाएं हुई हैं और ये हम लोगों के लिए चिंता का विषय है।सरकार, प्रशासन, पुलिस सक्रियता के साथ लगी हुई है। अपराधी पकड़े भी जाते हैं, सजा भी होती है, लेकिन जंगलराज वाले लोगों को अच्छा नहीं लग रहा है। क्योंकि जंगल का जो जानवर होता है, वो जंगल में ही शोभा देता है।

