चाईबासा : जंगल में मिला ग्रामीण का रक्तरंजित शव, पुलिस ने पत्थर के साथ हत्यारे को दबोचा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: पश्चिम सिंहभूम के टेबो थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चकोमटोनांग गांव के पास घने जंगलों में एक 55 वर्षीय ग्रामीण की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने इस कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?
बीती 13 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि चकोमटोनांग गांव से करीब 500 मीटर दूर जंगल में एक लाश पड़ी है। मृतक की पहचान गांव के ही मोरा नाग (55 वर्ष) के रूप में हुई। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के भाई, कानु नाग के बयान पर सनिका संगवार और गोबाई संगवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा (BNS की धारा 103(1)/238/3(5)) दर्ज किया।

पुलिस की ‘स्पेशल टीम’ और एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चक्रधरपुर SDPO के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने अपनी जांच का जाल बिछाया और 14 फरवरी को मुख्य आरोपी सनिका संगवार को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वह खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया है, जिससे सिर कूचकर मोरा नाग की हत्या की गई थी।

फरार आरोपी की तलाश जारी
इस पूरी कार्रवाई में टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले के दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Share This Article