डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे आगामी त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे ने त्योहारों की भारी भीड़ और यात्रियों की परेशानियों को कम करने के लिए टाटानगर और बक्सर के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का का निर्णय लिया है। इस पहल से झारखंड और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
ट्रेन का नंबर और शेड्यूल
दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ट्रेन संख्या 08183/08184 टाटानगर-बक्सर-टाटानगर पूजा स्पेशल का संचालन किया जाएगा।
टाटानगर से बक्सर (ट्रेन संख्या 08183): यह ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को टाटानगर से रात 8:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन बुधवार की सुबह 9:15 बजे बक्सर पहुंचेगी।
बक्सर से टाटानगर (ट्रेन संख्या 08184): वापसी की दिशा में यह ट्रेन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को बक्सर से सुबह 11:55 बजे खुलेगी और अगले दिन गुरुवार की रात 12:15 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
रूट और ठहराव
यह विशेष पूजा स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें कांड्रा, चांडिल, मुरी, झालदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो, कोडरमा, तिलैया, राजगीर, बिहार शरीफ, फतुहा, पटना जंक्शन और आरा स्टेशन शामिल हैं।
कोच की स्थिति और टिकटिंग
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं।
14 स्लीपर कोच, 2 एसी थ्री-टीयर कोच, 2 जनरल कोच, 2 एसएलआरडी कोच
रेलवे प्रशासन ने वाणिज्य विभाग को निर्देश दिया है कि यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द से जल्द यूटीएस और पीआरएस सिस्टम में इस ट्रेन के विवरण को अपडेट किया जाए, ताकि यात्री आसानी से अपनी बुकिंग कर सकें। त्योहार के सीजन में कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद टूटने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन एक बेहतरीन विकल्प साबित होगी।

