पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में रेल सुरक्षा बल (रेसुब) द्वारा ऑपरेशन सतर्क के तहत सघन निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए बड़ी सफलता हाथ लगी।
स्टेशन एरिया में गश्त के दौरान बरामदगी
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित स्पेशल टास्क टीम द्वारा 16 फरवरी 2026 को धनबाद स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में गश्त व निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में स्टेशन के उत्तर दिशा स्थित गेट संख्या–03 (VIP गेट) के पास दो झोले लावारिस हालत में पाए गए।
लावारिस झोलों से शराब की खेप बरामद
संदेह के आधार पर जब झोलों की तलाशी ली गई तो हरे रंग के झोले से Blenders Pride Ultra Premium Whisky की 18 बोतलें (375 एमएल प्रत्येक, ₹580 प्रति बोतल) तथा काले रंग के झोले से Royal Stag Premier Whisky की 22 बोतलें (375 एमएल प्रत्येक, ₹410 प्रति बोतल) बरामद हुईं।
कुल मात्रा और अंकित मूल्य
बरामद अंग्रेजी शराब की कुल मात्रा 15 लीटर आंकी गई है, जबकि इसका कुल अंकित मूल्य ₹19,460 बताया गया। सभी बोतलों पर “FOR SALE IN JHARKHAND ONLY” अंकित पाया गया।
कानूनी प्रक्रिया और अग्रिम कार्रवाई
नियमानुसार जब्त की गई शराब को सब-इंस्पेक्टर जीबलाल राम द्वारा कब्जे में लिया गया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इसे उत्पाद विभाग धनबाद को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।

