तारिक रहमान आज बनेंगे बांग्लादेश के पीएम, शाम 4 बजे शपथ ग्रहण, भारत से कौन होगा शामिल?

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बांग्लादेश में फरवरी 12 को हुए आम चुनावों में नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान आज बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। 60 वर्षीय तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में इस बार परंपरा से हटकर राजभवन (बांगभवन) की बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाज़ा में कार्यक्रम रखा गया है।

पहले नए सांसदों का होगा शपथ

राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। इससे पहले सुबह 10 बजे नए सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी। बीएनपी ने सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर संसदीय दल की बैठक भी बुलाई है, जिसमें रहमान को औपचारिक रूप से संसदीय दल का नेता चुना जाएगा।

तारिक रहमान तोड़ रहे हैं बड़ा नियम

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने से पहले ही तारिक रहमान एक बड़ा नियम तोड़ रहे हैं। अब तक बांग्लादेश में पीएम प्रेसिडेंशियल पैलेस में ही शपथ लेते थे लेकिन रहमान साउथ प्लाजा में शपथ लेंगे। इस तरह से वे 2024 में बांग्लादेश में हुए बड़े प्रदर्शनों में मारे गए लोगों को सम्मान दे रहे हैं। इसी विद्रोह के बाद अवामी लीग से पीएम रहीं शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था।

पहली बार प्रधानमंत्री होंगे तारिक रहमान

तारिक रहमान 1991 के बाद देश के पहले पुरुष प्रधान मंत्री भी बनेंगे। तारिक रहमान मौजूदा अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस की जगह लेंगे, जिनके कार्यकाल के दौरान ढाका और नई दिल्ली के बीच रिश्तों में काफी तनाव देखा गया था।

भारत से लोकसभा स्पीकर होंगे शामिल

तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता भेजा था। पीएम मोदी इस समारोह में नहीं शामिल होंगे। उनकी जगह लोकसभा स्पीकर शपथ ग्रहण समारोह में भारत का नेतृत्व करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में स्पीकर की भागीदारी भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और स्थायी दोस्ती को रेखांकित करती है।

बांग्लादेश आम चुनाव के परिणाम

तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी ने 297 में से 209 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। वहीं, कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी ने चुनाव में 68 सीटों पर जीत हासिल की है और यह दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बांग्लादेश की आजादी के बाद से जमात-ए-इस्लामी का देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन है। इसके पहले यह पार्टी अधिकतम 18 सीट ही जीत सकी थी। इस बार शेख हसीना की अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई थी।

Share This Article