धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। शोरूम के समीप हुई इस भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, सासाराम से मछली अनलोड कर वापस कोलकाता लौट रही बंगाल नंबर की पिकअप वैन (WB23M-8702) ने सड़क किनारे खड़े 12 चक्का ट्रक (BR28GA-7127) के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप वैन में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और बरवाअड्डा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस से SNMMCH अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने आमिर नामक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पिकअप चालक ने बताया कि बरवाअड्डा के पास नेशनल हाईवे पर खड़ा 12 चक्का ट्रक बिना पार्किंग लाइट के था, जिसके कारण वह दिखाई नहीं दिया और पिकअप ट्रक से जा टकराई। चालक के अनुसार, हादसे के समय पिकअप में चार लोग सवार थे—एक सुरक्षित बच गया, तीन घायल हुए और उनमें से एक की मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बरवाअड्डा थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक व घायल सभी कोलकाता के निवासी बताए जा रहे हैं।

