धनबाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के प्रयास को नाकाम किया है। इस दौरान दो अपचारी किशोरों को निरुद्ध कर उनके कब्जे से कुल 14 बोतल अंग्रेजी शराब (कुल मात्रा 10.5 लीटर) बरामद की गई, जिसकी कुल अंकित कीमत ₹11,480 बताई गई है।
प्लेटफॉर्म पर गश्त के दौरान पकड़े गए किशोर
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित टास्क टीम और रात्रि अधिकारी ड्यूटी के दौरान 18–19 फरवरी 2026 की रात धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11:10 बजे हावड़ा छोर पर दो किशोर पिठ्ठू बैग में भारी सामान ले जाते हुए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।
पूछताछ में सामने आई पहचान
गश्ती दल द्वारा रोके जाने पर किशोरों ने अपना नाम सांतनु कुमार (15 वर्ष) और विकास कुमार (16 वर्ष) बताया। दोनों ने अपना पता ग्राम राणा विघा, थाना दीप नगर, जिला नालंदा, बिहार बताया।
बैग की तलाशी में मिली शराब
तलाशी के दौरान सांतनु कुमार के नीले रंग के पिठ्ठू बैग से 07 बोतल और विकास कुमार के काले रंग के पिठ्ठू बैग से 07 बोतल Royal Stag Premier Whisky बरामद हुई। प्रत्येक बोतल की मात्रा 750 मिलीलीटर और अंकित मूल्य ₹820 था। सभी बोतलों पर “For Sale in Jharkhand” अंकित पाया गया।
पूछताछ में कबूला शराब तस्करी का अपराध
पूछताछ के दौरान दोनों अपचारी किशोरों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड से शराब खरीदकर अधिक मुनाफे के लालच में उसे बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचते थे। इसके बाद दोनों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत निरुद्ध किया गया।
उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला
जब्त की गई शराब और दोनों निरुद्ध अपचारी किशोरों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सुपुर्द कर दिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा की गई इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

