नेपाल में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस के नदी में गिरने से 17 लोगों की मौत

Neelam
By Neelam
2 Min Read

नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हैं। पोखरा से काठमांडू आ रही एक यात्री बस त्रिशूली नदी में गिर गई। ये हादसा सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे धादिंग जिले में हुआ।

हाईवे से नीचे नदी में गिरी बस

यह दुर्घटना बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-3 के चिनाधारा, चरौंडी इलाके में हुई। बस पृथ्वी हाईवे पर चल रही थी, तभी अचानक सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे नदी में जा गिरी। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक जिला ट्रैफिक पुलिस प्रमुख शिशिर थापा ने बताया कि मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रात में रेस्क्यू बनी बड़ी चुनौती

हादसे के बाद नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर राहत-बचाव अभियान में जुटे। रात का अंधेरा और पहाड़ी इलाका रेस्क्यू में बड़ी चुनौती बना रहा। प्रशासन ने कहा है कि जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।

6 फरवरी को भी हुआ था बड़ा हादसा

इससे पहले 6 फरवरी को नेपाल के बैतडी जिले में भी बड़ा हादसा हुआ था। बारातियों से भरी बस लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी और 34 घायल हुए थे।

Share This Article