जुगसलाई में बोगस वोटिंग के आरोप पर हंगामा, रिंकू सिंह धरना पर बैठीं, एक घंटे तक बाधित रहा मतदान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : जमशेदपुर में चल रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में बोगस वोटिंग के गंभीर आरोपों को लेकर भारी तनाव देखा गया। भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने अपने समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन किया, जिससे सेंट एंथोनी स्कूल स्थित बूथ संख्या 177 और आसपास के मतदान केंद्रों पर मतदान करीब एक घंटे तक बाधित रहा।

सेंट एंथोनी स्कूल बूथ पर फर्जी मतदान के आरोप लगते ही हंगामा शुरू हो गया। रिंकू सिंह धरना पर बैठ गई और जमकर नारेबाजी हुई। वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि रिंकू सिंह के समर्थक राहुल और शिशिर बूथ में घुसकर मारपीट में शामिल हुए, जिसमें वोटर कार्ड और आधार कार्ड छीन लिए गए। मोबाइल छीनने का भी प्रयास हुआ। पुलिस ने हस्तक्षेप कर एक व्यक्ति को कमरे में बंद किया और स्थिति संभाली।

बाद में जुगसलाई चौक बाजार के पास धर्मशाला मतदान केंद्र के निकट अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास अधिकारी के वाहन काफिले को रिंकू सिंह और उनकी समर्थक महिलाओं ने रोका। महिलाएं जमीन पर बैठकर बोगस वोटिंग के विरोध में प्रदर्शन कर रही थी। प्रदर्शनकारियों ने सेंट एंथोनी बूथ और धर्मशाला बूथ का मतदान रद्द करने की मांग की। यह बवाल लगभग एक घंटे तक जारी रहा।

पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हुई और मतदान बाद में बहाल हो गया। जुगसलाई में रिंकू सिंह (भाजपा समर्थित) का मुख्य मुकाबला अन्य प्रत्याशियों से है, जिसमें झामुमो की नौशीन खान का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। क्षेत्र में कुछ अन्य बूथों पर भी हंगामे की सूचनाएं हैं। चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Share This Article