मनाली में यूपी के पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बिस्तर से गिरते ही मुंह से निकलने लगा झाग

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पर्यटन नगरी मनाली घूमने आए उत्तर प्रदेश के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान वीर सोरेन के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ 22 फरवरी को मनाली घूमने आया था। वे सभी सिमसा क्षेत्र के ‘हिमालयन सैलेट होम स्टे’ में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को सोलंग और सेथन घूमने के बाद सभी दोस्त वापस लौटे थे।

मंगलवार (24 फरवरी) दोपहर करीब 12:30 बजे जब वीर के दोस्त बाहर से घूमकर वापस कमरे में आए, तो वीर सोरेन वहां सो रहा था। दोस्तों के उठाने पर उसने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। इसके बाद दोस्तों ने ऑनलाइन डिलीवरी ऐप ‘ब्लिंकिट’ के जरिए दवा मंगवाकर उसे दी, जिसे खाकर वह दोबारा सो गया।

Advertisement

कमरे में गिरने की आवाज और फिर मौत
दोपहर करीब 2:30 बजे कमरे से अचानक जोर से गिरने की आवाज आई। दोस्तों ने मौके पर जाकर देखा तो वीर बिस्तर से नीचे गिरा हुआ था। उसे तुरंत निजी वाहन के जरिए सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया था।

पुलिस और अस्पताल की कार्रवाई
सिविल अस्पताल मनाली में डॉक्टरों ने वीर को काफी देर तक सीपीआर (CPR) दिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल की सूचना पर थाना मनाली से मुख्य आरक्षी योगराज की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शव को मनाली के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिससे मौत के असली कारणों का पता चल सके।

Share This Article