रामगढ़ | बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) में रविवार को ‘पीपुल फर्स्ट कल्चर’ के तहत फरवरी माह में जन्मदिन मनाने वाले कुल 211 कर्मचारियों के सम्मान में भव्य सामूहिक जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने कंपनी की कर्मचारी-केन्द्रित कार्य संस्कृति को एक बार फिर मजबूती से सामने रखा।
समारोह में जीएफए के 81 कर्मचारी, एचएसपीए के 124 कर्मचारी (ऑडिटर सहित) तथा हेड ऑफिस, रांची के 6 कर्मचारी शामिल हुए। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर इस विशेष अवसर को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया, जिससे पूरे परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा।
इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी अनंत शंकर सेठ सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी उपस्थिति ने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें संगठन के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन एचएसपी कैंटीन, जीएफए कैंटीन एवं मुख्य कार्यालय, रांची में किया गया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार प्रकट करना, टीम भावना को सुदृढ़ करना तथा सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान केक काटा गया, शुभकामना संदेश दिए गए और सभी जन्मदिनधारी कर्मचारियों को सामूहिक रूप से बधाई दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण ही कंपनी की निरंतर प्रगति का आधार है। इस प्रकार के आयोजन संगठन में आपसी सहयोग, विश्वास और पारिवारिक वातावरण को मजबूत करते हैं।
बीएफसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि कंपनी अपने प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी खुशियों को अपनी सफलता का अभिन्न अंग समझती है। अंत में सभी जन्मदिन मनाने वाले कर्मचारियों को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

