धनबाद रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन सजग है और उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले वासियों से शांतिपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने की अपील की है।
27 कैमरो से कंट्रोल रूम से निगरानी
होली को शांतिपूर्ण माने को लेकर जिला प्रशासन ने पहले से ही तैयारी कर ली है। उपायुक्त आदित्य रंजन बताया कि होली के दौरान कोई हुड़दंग ना हो, इसको लेकर कंट्रोल रूम से सतत निगरानी रखी जाएगी। 3 मार्च को दोपहर 2 बजे से 5 मार्च की सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा उन्होंने बताया कि 27 कैमरो से कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जाएगी हुड़दंग मचाने वाले के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी
लोकेश बारंगे को जिला नियंत्रण कक्ष का प्रभार
बता दें कि अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे जिला नियंत्रण कक्ष के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। जबकि डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार पुलिस पदाधिकारी के वरीय प्रभार में रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0326 – 2311217, 2311107, 112 रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष में आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ चिकित्सक की टीम तथा एम्ब्युलेंस मौजूद रहेगी।
लगातार भ्रमणशील रहेगा पुलिस का चलंत दस्ता
पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। वहीं अनुमंडल दंडाधिकारी, सभी डीएसपी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर डीएसपी, साइबर थाना प्रभारी व्हाट्सएप ग्रुप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए रखेंगे। साथ-साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में विधि व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
24 घंटे चिकित्सकों की रहेगी व्यवस्था
होली के अवसर पर किसी भी प्रकार की आकस्मिक दुर्घटना के फलस्वरूप त्वरित इलाज के लिए केंद्रीय अस्पताल व एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक इमरजेंसी वार्ड में 24 घंटे चिकित्सकों की टीम की व्यवस्था रखेंगे। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे चिकित्सक, एएनएम व कर्मी मौजूद रहेंगे।
सोशल मीडिया मोनिटरिंग सेल सतर्क
होली के अवसर पर सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक, लोक शांति या विधि व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर पुलिस के सोशल मीडिया मोनिटरिंग सेल की विशेष निगरानी रहेगी। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत एवं नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी। होली का अवसर पर जिले के सभी देशी विदेशी एवं मसालेदार शराब की दुकानें, बार, रेस्टोरेंट आदि पूरी तरह से बंद रहेंगे। इस अवधि में मदिरा की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। वहीं अवैध शराब की चुलाई, भंडारण एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

