होली की खुशियां हादसा में बदली, मोतिहारी में नदी में डूबने से 6 बच्चियों की मौत

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मोतिहारी जिले से होली से ठीक पहले दर्दनाक हादसा हो गया। होली के उत्साह के बीच मंगलवार शाम मोतिहारी में उस वक्त मातम परस गया, जब नदी में नहाने गए 6 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन सगी बहनें भी शामिल हैं।

एक बच्ची को बचाने में गई 6 जान

ये दर्दनाक हादसा केसरिया थाना क्षेत्र के लोहरगांवां गांव की है। बताया जाता है कि बच्चियां मंगलवार शाम करीब 4 बजे बकरियां चराने और घास काटने के लिए घर से निकली थीं। शाम करीब 6 बजे घर लौटते समय वे नदी किनारे खेलने और नहाने लगीं। इसी दौरान एक बच्ची गहरे गड्ढे में चली गई, जिसे बचाने की कोशिश में बाकी पांचों बच्चियां भी एक-एक कर गहरे पानी में उतर गईं और तेज बहाव की चपेट में आ गईं।

बचाव की कोशिश हुई नाकाम

बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने सभी 6 बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

तीन सगी बहनों समेत 6 की गई जान

इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरा जख्म दिया है। मृतकों में एक ही परिवार की तीन बहनें दीक्षा कुमारी (12), सोनाक्षी कुमारी (9) और प्रिया कुमारी (6) हैं। जबकि मनोज साहनी की दो बेटियां प्रिंस (11) और छोटी (8) की मौत भी डूबने से हो गई है। वहीं कामेश्वर साहनी की 12 साल की बेटी सोनाली की भी नदी में डूबने से जान चली गई।

पूरा गांव शोक में डूबा

एक साथ छह बच्चों की मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है। इस दुखद घटना के बाद पूरे लोहार्गवां गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृत बच्चों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेसुध हो जा रहे हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और हर किसी की आंखें नम हैं।

Share This Article