डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए खुशखबरी है। कॉलेज प्रबंधन ने पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स की सीटों को बढ़ाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो आगामी सत्र से कॉलेज में पीजी की कुल सीटें 51 से बढ़कर 89 हो सकती हैं।
NMC की टीम करेगी संसाधनों की जांच
सीटों में इस बड़ी बढ़ोतरी को मंजूरी दिलाने के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की टीम जल्द ही कॉलेज का दौरा करेगी। इससे पहले, 14 मार्च को कोल्हान यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की एक विशेष टीम कॉलेज की व्यवस्थाओं और बुनियादी ढांचे का निरीक्षण करने वाली है। इस निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर ही NMC आगे की कार्यवाही करेगी।
इन विभागों में बढ़ सकती हैं सीटें (प्रस्तावित)
अस्पताल प्रबंधन ने विभिन्न विभागों में सीटों की संख्या बढ़ाने का पूरा खाका तैयार कर लिया है।
विभाग/ प्रस्तावित सीटें
फिजियोलॉजी- 03
पैथोलॉजी -08
फार्माकोलॉजी- 04
चर्म रोग विभाग -02
ईएनटी (ENT)- 02
नेत्र रोग विभाग -02
गायनेकोलॉजिस्ट -09
एनेस्थीसिया- 07
मेडिसिन विभाग- 01
छात्रों और मरीजों दोनों को होगा फायदा
MGM के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने बताया कि पीजी सीटों के बढ़ने से न केवल मेडिकल छात्रों को रिसर्च के बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में भी सुधार होगा। विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से शहर और आसपास के मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
बता दे कि वर्तमान में कॉलेज में पीजी की कुल 51 सीटें हैं। नई मंजूरी मिलने के बाद यह संख्या 89 हो जाएगी। 14 मार्च को यूनिवर्सिटी की टीम व्यवस्थाओं का जायजा लेगी।

