फिर समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे सीएम नीतीश, अगले चरण का कार्यक्रम घोषित, आठ जिलों का करेंगे दौरा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के चौथे चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यात्रा की शुरुआत 17 मार्च को भागलपुर और बांका से होगी। इस यात्रा का आखिरी दिन 20 मार्च होगा। 17 मार्च से 20 मार्च तक चलने वाली अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के 8 जिलों का दौरा करेंगे और विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ स्थानीय लोगों से संवाद भी करेंगे।

इन जिलों का करेंगे दौरा

सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार इस चरण में भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, मुंगेर, लखीसराय, गया और औरंगाबाद जिलों को शामिल किया गया है। यात्रा की शुरुआत 17 मार्च को भागलपुर और बांका से होगी। इसके बाद 18 मार्च को मुख्यमंत्री जमुई और नवादा पहुंचेंगे। तीसरे दिन यानी 19 मार्च को वे मुंगेर और लखीसराय में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस यात्रा का आखिरी दिन 20 मार्च होगा, जब मुख्यमंत्री गया और औरंगाबाद का दौरा करेंगे।

सीएम आम लोगों के साथ करेंगे संवाद

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट भी लेंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ संवाद भी होगा।

14 मार्च को ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण का समापन

इससे पहले 14 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण का समापन हुआ। अपनी यात्रा के इस पड़ाव के आखिरी दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेगूसराय और शेखपुरा जिले का दौरा किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेगूसराय में कुल 274 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। वहीं, नीतीश कुमार ने शेखपुरा जिले में 144 करोड़ की लागत वाली 120 योजनाओं का कार्यारंभ किया। साथ ही 62 करोड़ रुपये की लागत वाली 196 योजनाओं का उद्घाटन किया। 

Share This Article