पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सोमवार शाम अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 144 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। पहली सूची जारी होने के साथ ही राज्य की राजनीति में चुनावी माहौल और गर्म हो गया है।
बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को भवानीपुर और नंदीग्राम विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। भवानीपुर वही सीट है जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं और वर्तमान में विधायक भी हैं। ऐसे में एक बार फिर दोनों नेताओं के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि 2021 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। कभी ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले अधिकारी के भवानीपुर से चुनाव लड़ने के फैसले ने राज्य की राजनीति में फिर से हलचल बढ़ा दी है।
वहीं पश्चिम बर्धमान जिला की कई सीटों पर भी बीजेपी ने उम्मीदवारों की घोषणा की है। दुर्गापुर पूर्व से चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम से लखन घुरुई, पांडेश्वर से जितेंद्र कुमार तिवारी, जामुड़िया से डॉ. बिजन मुखर्जी, आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पाल, आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुखर्जी और कुल्टी से डॉ. अजय कुमार पोद्दार को प्रत्याशी बनाया गया है।
हालांकि रानीगंज और बाराबनी विधानसभा सीटों के लिए पार्टी ने अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। पहली सूची सामने आने के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है तथा अन्य दलों की रणनीतियों पर भी नजरें टिक गई हैं।

