मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के असिया गांव में देर रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। खुद को घिरा देख पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से एक ग्रामीण की मौत हो गई।
आरोपी की गिरफ्तारी करने पहुंची थी पुलिस
मुजफ्फरपुर पुलिस के अनुसार एक नाबालिग से जुड़े मामले में पॉस्को कोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। जिसको लेकर गायघाट थाना पुलिस असिया गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। आरोपी को पकड़ने के दौरान ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग होने लगी।
तनाव के बाद पुलिस छावनी में तब्दील इलाका
मृतक ग्रामीण की पहचान 53 वर्षीय जगतवीर राय के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित ग्रामीण आरोपी थानेदार राजा सिंह पर सख्त कार्रवाई और फांसी की मांग पर अड़े हुए हैं। गोलीकांड के बाद चोरनिया गांव में भारी तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। जहां FSL की टीम वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच में जुटी है। मौके पर ग्रामीण एसपी, पूर्वी एसडीएम और कई थानों की पुलिस बल के साथ डीएसपी मौजूद हैं।
क्या है मामला?
दरअसल, बीते दिनों एक नाबालिग लड़की को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी भिखारी राय सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। इसी के तहत गायघाट पुलिस की टीम असिया गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, आरोपी पक्ष के लोग उग्र हो गए और ग्रामीणों को भी उकसा दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया।

