मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ का चौथा चरण जारी है। बुधवार को जमुई और नवादा के दौरे के बाद, आज गुरुवार को मुख्यमंत्री मुंगेर और लखीसराय पहुंचेंगे। इस दौरान वे दोनों जिलों में विभिन्न विकास योजनाओं को नई गति देने के उद्देश्य से कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
मुंगेर और लखीसराय पर होगी तोहफों की बौछार
मुख्यमंत्री मुंगेर जिले में 87 करोड़ की लागत से 52 योजनाओं का उद्घाटन और 32 करोड़ की लागत से 26 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। जबकि, लखीसराय जिले में 208 करोड़ की लागत से 144 योजनाओं का शिलान्यास और 118 करोड़ की लागत से 117 योजनाओं का उद्घाटन होगा। दोनों जिलों में नीतीश कुमार के विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा का प्रोग्राम है। साथ ही जनसंवाद का कार्यक्रम है।
जमुई और नवादा में कुल 1213 करोड़ की सौगात
इससे पहले बुधवार को सीएम नीतीश ने जमुई में स्टील प्लांट, एथेनॉल फैक्ट्री और जुलाई से मेडिकल कॉलेज शुरू होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जमुई और नवादा में कुल 1213 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर विकास कार्यों को गति प्रदान की।
सम्राट चौधरी को लेकर दिया बड़ा इशारा
जमुई की सभा में एक दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम तब देखने को मिला जब नीतीश कुमार ने सार्वजनिक मंच पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें माइक के पास बुलाया और कहा ‘अब ये सब काम करेंगे।’ मुख्यमंत्री के इस कदम और बयान को राजनीतिक गलियारों में भविष्य के नेतृत्व की ओर एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

