डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी के निवासियों के लिए आने वाले तीन दिन मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। मौसम विभाग ने शहर और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 72 घंटों तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
आज शाम से दिखेगा असर
गुरुवार दोपहर तक तेज धूप रहने के बाद शाम से मौसम में बदलाव की उम्मीद है। पूर्वानुमान के मुताबिक आसमान में बादल छाए रहेंगे। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी या तेज हवाएं चल सकती हैं। एक स्पेल मध्यम दर्जे की बारिश होने के भी आसार हैं।
21 मार्च तक जारी रहेगा अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह स्थिति केवल आज के लिए नहीं बल्कि 20 और 21 मार्च को भी बनी रहेगी। इसी को देखते हुए विभाग ने 19 से 21 मार्च तक के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी कर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तापमान का हाल
बुधवार को जमशेदपुर का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान: 36.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा)
न्यूनतम तापमान: 23.2 डिग्री सेल्सियस
सावधानी बरतें: तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें।

