डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शुक्रवार को शहर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक टाटा विंगर वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में वैन में सवार 15 से 17 बच्चे घायल हो गए हैं, जिनमें से ड्राइवर समेत दो बच्चों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह वैन बच्चों को स्टेडियम की तरफ से स्कूल छोड़ने के लिए ले जा रही थी। तभी टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एन-111 के पास अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका इंजन चेंबर भी फट गया।
वहीं, मौके पर मौजूद एक स्थानीय शख्स ने अंदेशा जताया है कि यह हादसा एक अन्य वाहन को बचाने के चक्कर में हुआ। उनके मुताबिक, सामने से आ रही एक कार अचानक स्कूली वैन के बेहद करीब आ गई थी। उस कार को देखने और खुद को संभालने के दौरान वैन चालक का नियंत्रण गाड़ी से छूट गया और यह भयानक हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता, बचाई जान
दुर्घटना के वक्त जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के फ्लैटों और घरों से लोग सहमकर बाहर निकल आए। वैन के भीतर से बच्चों की रोने और चीखने की आवाजें सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। बिना एक पल गंवाए लोगों ने वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और सूझबूझ दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। हादसे के वास्तविक कारणों और लापरवाही का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

