डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: चक्रधरपुर मंडल की आरपीएफ उड़नदस्ता टीम को गुरुवार सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में यात्री का मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक शातिर अपराधी को रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मो. युसूफ (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के राउरकेला (बिसरा) का निवासी है।
ऐसे बिछाया गया जाल
घटना की शुरुआत 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस के कोच एस-5 (S-5) से हुई, जहां एक यात्री का मोबाइल चोरी हो गया। कंट्रोल रूम के जरिए जैसे ही चोरी की सूचना चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के पास उड़नदस्ता टीम को मिली, जवान तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए।
टाटानगर पहुंचते ही धराया आरोपी
उड़नदस्ता टीम ने ट्रेन की लोकेशन ट्रैक की और गुरुवार तड़के साढ़े चार बजे जैसे ही ट्रेन टाटानगर स्टेशन पहुंची, टीम ने घेराबंदी कर दी। संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युसूफ को टीम ने शक के आधार पर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से यात्री का चोरी हुआ मोबाइल बरामद कर लिया गया।
पुराना ‘खिलाड़ी’ है युसूफ
पूछताछ और छानबीन में यह बात सामने आई है कि मो. युसूफ कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि एक हिस्ट्रीशीटर है। वह पहले भी ओडिशा और राउरकेला के विभिन्न थानों में आपराधिक मामलों में दर्ज हो चुका है। चोरी और अन्य वारदातों के सिलसिले में वह कई बार जेल की हवा भी खा चुका है।
आरपीएफ ने पकड़े गए चोर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में उसके साथ और कौन-कौन शामिल था।

